


गोंडा, 12 जुलाई 2025। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को गोंडा के मनकापुर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह के आवास पर जाकर उनके स्वर्गीय पिताश्री, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद श्री आनंद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री ने मनकापुर विकासखंड परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की और स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए अरगा ब्रांड के उत्पादों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोंडा प्रवास के दौरान श्री मौर्य ने मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है। गोंडा जिले में भी उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं, जिससे जिले की छवि में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह सख्त है। माफिया और भ्रष्टाचारियों पर कानून का शिकंजा कस चुका है और जो भी व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर मनकापुर विधायक प्रेम नारायण पांडेय, मेंहदावल विधायक विनय कुमार द्विवेदी, भाजपा जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
