ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, निर्माण रुकवाने की मांग*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्राम प्रधान ने कोतवाली प्रभारी को दिया शिकायती पत्र, एसडीएम ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज तहसील क्षेत्र के राजा कशं पुर गांव में ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान कृष्ण लली पत्नी स्वर्गीय शिवसागर पांडे ने गांव के ही चंद्रभान पुत्र रामबहादुर, चंद्रशेखर पुत्र रामबहादुर और रतिपाल पुत्र राम अवध पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रात-दिन निर्माण कराने का आरोप लगाया है।

ग्राम प्रधान ने कोतवाली प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि संबंधित भूमि ग्राम समाज की सुरक्षित जमीन है। इस पर अवैध कब्जा होने से गांव के सैकड़ों परिवारों की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। आरोप है कि जब उन्होंने संबंधित लोगों को निर्माण कार्य करने से मना किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

ग्राम प्रधान के मुताबिक, मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से भी की गई है। आरोप है कि हल्का लेखपाल द्वारा निर्माण कार्य रोकने की हिदायत दिए जाने के बावजूद मौके पर निर्माण जारी है। शिकायत में मौके पर 25 से 30 लोगों के एकत्र होने का भी उल्लेख किया गया है।

ग्राम प्रधान ने राजस्व एवं पुलिस प्रशासन से सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने और कथित अवैध निर्माण हटवाने की मांग की है, जिससे गांव के सैकड़ों परिवारों की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी आयुष अग्रवाल ने दूरभाष पर बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। हल्का लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच में अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हटवाया जाएगा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें