गुरुकुल महाविद्यालय में सृजन महोत्सव का आयोजन, कबाड़ से बनी कलाकृतियों ने मोहा मन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, रायबरेली।गुरुकुल महाविद्यालय पुरासी, हलोर में बुधवार को ‘गुरुकुल सृजन महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से सजे इस महोत्सव में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने घरों में पड़े रद्दी और अनुपयोगी सामानों का उपयोग कर आकर्षक घरेलू सजावटी वस्तुएं तैयार कीं और उनके स्टॉल लगाए

महोत्सव में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए बंदनवार, तोरण, हैंडबैग, दीये, रंगोली, दीपदान, पेंटिंग सहित विभिन्न हस्तशिल्प एवं कलात्मक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, गृह विज्ञान की छात्राओं ने वस्त्रों पर पेंटिंग और सिलाई से संबंधित उपयोगी जानकारी साझा कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महाराजगंज, राजकीय इंटर कॉलेज हलोर, राजा चंद्रचूड़ सिंह इंटर कॉलेज तथा अम्बेडकर बालिका डिग्री कॉलेज महाराजगंज सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, कौशल विकास और शिक्षणेत्तर गतिविधियों के महत्व को समझने का अवसर मिला। विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव और ज्ञान भी साझा किए।

इस अवसर पर गुरुकुल महाविद्यालय की उपाध्यक्ष पूजा मिश्रा ने अतिथि विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वहीं, प्राचार्या प्रांजलि शुक्ला ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में गुरुकुल महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में अभिभावक

मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें