


करंट की चपेट में आकर युवक व भैंस की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

परसपुर, गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के अहिरन पुरवा धनावा गांव में मंगलवार को एक हृदय विदारक हादसे में युवक व उसकी भैंस की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मृतक के घर में कोहराम मचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किढ़ियावन यादव के 32 वर्षीय पुत्र रामदुलारे यादव मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के स्टेवायर में भैंस की सींग फंस गई। भैंस को छुड़ाने के प्रयास में जैसे ही रामदुलारे ने उसे छुआ, वे भी करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भैंस की कीमत लगभग सत्तर हजार रुपए आंकी जा रही है और वह दो-चार दिनों में बच्चा देने वाली थी। हालांकि रामदुलारे को सांत्वना स्वरूप अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर विधायक के भाई मनमोहन सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
परिवार की हालत दयनीय
मृतक रामदुलारे अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उनके पीछे 30 वर्षीय पत्नी गुड़िया, 15 वर्षीय पुत्र नीरज, 10 वर्षीय पुत्री ममता और 6 वर्षीय छोटा बेटा देवांश है। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
हिंद लेखनी न्यूज़, गोंडा
