


कर्नलगंज/गोंडा, 01 जुलाई 2025 (सांय 4 बजे): सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे बाढ़ की आशंका गहराने लगी है। एल्गिन ब्रिज पर आज शाम 4 बजे जलस्तर 105.370 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान (106.070 मीटर) से मात्र 0.70 मीटर नीचे है। जल का बहाव निरंतर तेजी से बढ़ रहा है।
वहीं, अयोध्या में भी सरयू का जलस्तर 91.010 मीटर तक पहुंच गया है, जो वहां के खतरे के निशान 92.730 मीटर से केवल 1.72 मीटर नीचे है। दोनों स्थानों पर जल का रूझान बढ़ने वाला (राइजिंग ट्रेंड) है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।
- आज की रिपोर्ट के अनुसार कुल डिस्चार्ज 2,60,425 क्यूसेक मापा गया, जिसमें:
- गिरिजा बैराज से 1,23,073 क्यूसेक,
- शारदा बैराज से 1,31,337 क्यूसेक,
- और सरयू बैराज से 6,015 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगर जल का बढ़ाव इसी तरह जारी रहा, तो आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो सकती है।
हिंद लेखनी न्यूज़ के लिए रिपोर्ट — कर्नलगंज
