बलरामपुर, 26 फरवरी: शहर के पाॅयनियर पब्लिक स्कूल एण्ड काॅलेज में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की कोषाध्यक्षा मीता तिवारी और उप प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय द्वारा भगवान शिव जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान बच्चों को महाशिवरात्रि के महत्व और धार्मिक मान्यताओं के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें किड्ज़ जोन के बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं और गणों के रूप में आकर्षक रूप धारण किया। इस दौरान रत्ना एवं सिद्धार्थ (भगवान शिव), कौशिकी एवं स्वास्तिका (पार्वती), कृष्णा (ब्रह्मा), शिवांस (विष्णु), श्राविका (लक्ष्मी), मोहनी (सरस्वती), आदित्य श्रीवास्तव एवं शशांक (श्रीराम), शिवांस (हनुमान), सुशांत (कृष्ण) सहित अन्य बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के ऑडिटोरियम में पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने “सज रहे मेरे भोले बाबा निराले दूल्हे में” गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें माधुरी, श्रुतिका, सानवी, श्रविका, स्वास्तिका, कौशिकी आदि छात्राओं ने शानदार नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा रत्नप्रिया ने शिव तांडव पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय की कोषाध्यक्षा मीता तिवारी और उप प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों को टाॅफी व किताबें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डा. एम.पी. तिवारी ने भी बच्चों के जोश और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व को विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिकाओं और छात्र-छात्राओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
