

कर्नलगंज कोतवाली में भी कई बदलाव, नए उपनिरीक्षकों की तैनाती तो मौजूदा पुलिसकर्मियों को दूसरे थानों में भेजा गया

गोण्डा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद गोण्डा में पुलिस उपनिरीक्षकों के बड़े स्तर पर स्थानांतरण किए गए हैं। जनपदीय स्थापना बोर्ड के निर्णय के अनुसार कुल 81 उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल में विभिन्न थानों के साथ-साथ पुलिस चौकियों के प्रभारियों को भी बदला गया है।

जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार कर्नलगंज कोतवाली में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक अर्पिता यादव और पूजा वर्मा को कोतवाली नगर से कर्नलगंज भेजा गया है। वहीं उमाशंकर प्रसाद को वजीरगंज से तथा योगेश यादव को धानेपुर से स्थानांतरित कर कर्नलगंज थाने में तैनाती दी गई है।

चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। उपनिरीक्षक आनंद उपाध्याय को कोतवाली देहात की दर्जीकुआं चौकी से स्थानांतरित कर कर्नलगंज की करवा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं करवा चौकी प्रभारी सुमित कुमार सिंह को मोतीगंज की कहोबा चौकी भेजा गया है।

इसके अलावा कर्नलगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक चंद्रशेखर को तरबगंज, दयानंद यादव को मोतीगंज, आरती गौतम और खुशबू श्रीवास्तव को नवाबगंज तथा शशांक गौरिया को उमरी बेगमगंज स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था मजबूत करने और निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के बेहतर निर्वहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
**कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट**
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







