
परसपुर गोंडा :गोंडा जनपद के परसपुर थाना क्षेत्र के चरसड़ी स्थित सावित्री भारत गैस एजेंसी पर गैस वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि गैस एजेंसी परिसर ही देखते-देखते अखाड़े में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज के पूर्व विधायक अजय प्रताप सिंह “लल्ला भैया” के पुत्र कुंवर कमलेन मोहन अपने समर्थकों के साथ गैस वितरण में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर एजेंसी पहुंचे थे। वहां एजेंसी मालिक आशु सिंह से बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि जब कुंवर कमलेन मोहन ने गैस की किल्लत और वितरण में अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए, तो एजेंसी मालिक ने कथित तौर पर तीखे अंदाज में जवाब दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस घटना के वायरल होने के बाद फेसबुक पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं—
कुछ लोगों ने गैस एजेंसी पर अनियमितता और उपभोक्ताओं को परेशान करने के आरोप लगाए।
कई यूजर्स ने कहा कि “अगर समस्या थी तो प्रशासनिक स्तर पर समाधान होना चाहिए था, मारपीट गलत है।”
कुछ लोगों ने नेता पक्ष का समर्थन करते हुए कहा कि “जनता की समस्या उठाना जरूरी है, लेकिन हिंसा नहीं।”
वहीं कई लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लिखा कि “सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना चिंताजनक है।”
कुछ यूजर्स ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की मारपीट ने प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस क्या कार्रवाई करती है और क्या उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान हो पाता है या नहीं।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज







