

गांव से लखनऊ और दिल्ली होते हुए विदेश तक तय किया शिक्षा का सफर, सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर; कमांडो सगरा पर हुआ भव्य स्वागत
**कर्नलगंज, गोण्डा।** प्रतिभा किसी शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। यदि मन में दृढ़ संकल्प और मेहनत का जज्बा हो तो गांव की बेटियां भी देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। इसका उदाहरण पसका गांव की होनहार बेटी प्यूष्मा सिंह ने पेश किया है। बम बहादुर सिंह की बेटी प्यूष्मा ने गांव से निकलकर लखनऊ और दिल्ली में शिक्षा ग्रहण करने के बाद विदेश में मेडिकल की पढ़ाई पूरी की और अब भारत लौटकर आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण FMGE (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन) परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

गौरतलब है कि विदेश से मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले भारतीय विद्यार्थियों को भारत में चिकित्सा पद्धति में पंजीकरण के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत FMGE परीक्षा उत्तीर्ण करनी होती है। इस परीक्षा को मेडिकल क्षेत्र की महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में गिना जाता है। ऐसे में प्यूष्मा सिंह ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

प्यूष्मा की सफलता को लेकर उनके पिता बम बहादुर सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि जब बेटी ने फोन करके परीक्षा उत्तीर्ण होने की सूचना दी तो शुरुआत में उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि बेटी ने इतनी बड़ी परीक्षा पास कर ली है। उन्होंने बताया कि जब वे बेटी के पास पहुंचे तो उसने परिणाम दिखाते हुए कहा, “पापा, मैंने परीक्षा पास कर ली है और अब मेरे पास कई जगहों से इंटरव्यू के लिए फोन आ रहे हैं।” इसके बाद उन्हें बेटी की सफलता पर पूरा विश्वास हुआ।
बम बहादुर सिंह ने बताया कि जैसे ही यह खुशखबरी गांव पहुंची, शुभचिंतकों और ग्रामीणों का उनके यहां पहुंचना शुरू हो गया। सभी ने बिटिया की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ से गांव वापस लौटते समय कर्नलगंज के धर्मेंद्र सिंह कमांडो का भी फोन आया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग स्वागत के लिए उनका इंतजार कर रहे हैं।
इसके बाद कमांडो सगरा पर बम बहादुर सिंह का लोगों ने स्वागत किया और उनकी बेटी प्यूष्मा सिंह की शानदार सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जोगिंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह कमांडो, मोनू पांडेय, अभिषेक सिंह करूवा (सदस्य जिला पंचायत प्रत्याशी), सुमित पांडेय (जिला पंचायत प्रत्याशी कैसरगंज), मुरलीधर पंडित, राघवेंद्र सिंह, मदन पांडेय, शितलू बाबा, दिव्यांश दीक्षित, अंगद सिंह, विमल तिवारी, अंकित मिश्रा मुंडेरवा, नाथ यादव, दद्दू यादव और बदलू यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्यूष्मा सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया कि गांव की गलियों से निकलकर भी मेहनत और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई जा सकती है। उनकी सफलता पर क्षेत्रवासियों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







