ईंटों और लात-घूंसों से हमला कर बैजनाथ को किया घायल, चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चार दिन तक जिला अस्पताल में चला इलाज, घर लौटने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप।

 

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे कैड़ावा गांव में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना एक नवंबर की है। आरोप है कि गांव के ही ललई, अशोक, मनीष और कैलाशा बैजनाथ के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ईंटों और लात-घूंसों से बैजनाथ पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर और गले में गंभीर चोटें आईं।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए। घायल बैजनाथ को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। पीड़ित का करीब चार दिनों तक जिला अस्पताल में उपचार चला।

आरोप है कि उपचार के बाद घर लौटने पर आरोपियों ने पीड़ित और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। इससे भयभीत बैजनाथ ने 13 नवंबर को कोतवाली महराजगंज पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी।

इस संबंध में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें