गोंडा में नकली किताबों का बड़ा खुलासा: अग्रवाल एंड संस पर छापा, 131 किताबें बरामद, मालिक पर FIR दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। जनपद में नकली किताबों के कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अग्रवाल एंड संस बुक डिपो पर पुलिस और अधिकृत प्रतिनिधि की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशकों की 131 नकली किताबें बरामद की हैं। मामले में दुकान मालिक श्रवण कुमार अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी आर्यन राघव, जो कई नामी प्रकाशन कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधि हैं, को गोंडा में नकली किताबों की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने उपनिरीक्षक प्रशांत गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर 17 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:30 बजे पुरानी सब्जी मंडी बाजार स्थित अग्रवाल एंड संस दुकान पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान मौके से एस. चंद एंड कंपनी, मैकग्रा हिल एजुकेशन, धनपत राय पब्लिकेशन, स्पेक्ट्रम बुक्स और अविचल पब्लिशिंग कंपनी की कुल 131 नकली किताबें बरामद की गईं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की साइंस, गणित, अकाउंटेंसी, इकोनॉमिक्स और इंग्लिश ग्रामर जैसी विषयों की पुस्तकें शामिल हैं।जांच में पाया गया कि इन किताबों पर या तो नकली होलोग्राम लगे थे या बिल्कुल नहीं थे। साथ ही किताबों की प्रिंटिंग, पेपर और बाइंडिंग की गुणवत्ता भी बेहद खराब थी, जिससे इनके नकली होने की पुष्टि हुई।

इस मामले में कोतवाली नगर थाना में FIR संख्या 0341/2026 के तहत कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद किताबों को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय पुस्तक बाजार में हड़कंप मच गया है और अन्य दुकानदार भी सतर्क हो गए हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें