कर्नलगंज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं व महिलाओं को किया गया जागरूक
गोंडा। थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बाबा बालकराम लघु माध्यमिक विद्यालय, गोनाई गोसाई पुरवा में एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम द्वारा संपन्न कराया गया।कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान उपस्थित महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।मिशन शक्ति टीम की महिला उपनिरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव एवं आरक्षी पारुल ने कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की जानकारी दी। साथ ही इनका जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को “गुड टच और बैड टच” के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। वहीं अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाते हुए अज्ञात कॉल या संदेशों से सतर्क रहने, निजी जानकारी साझा न करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान 5.0 का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है, ताकि वे हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज






