सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग पर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 29 मार्च 2026।जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर संचालित विकास योजनाओं की रैंकिंग की गहन समीक्षा की। प्रोजेक्टर के माध्यम से विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर समय से फीडिंग सुनिश्चित करें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।

समीक्षा के दौरान एनआरएलएम, जल निगम, फैमिली आईडी, पंचायत, विद्युत, पर्यटन, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, पशुपालन, समाज कल्याण, प्रोबेशन, पिछड़ा वर्ग कल्याण और सिंचाई विभाग सहित कई विभागों की प्रगति पर चर्चा की गई। जिन विभागों की रैंकिंग संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें अगले माह तक सुधार लाने के निर्देश दिए गए, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

फैमिली आईडी की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी नियमित रूप से सीएम डैशबोर्ड की निगरानी करें और योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

ग्राम पंचायतों की जांच में अभिलेख उपलब्ध न कराने वाले सचिवों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे को निर्देशित किया कि ऐसे सचिवों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बाल संरक्षण गृह और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, बीडीओ व एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें