
गोण्डा, 03 फरवरी 2026।मण्डलीय आकांक्षा समिति देवीपाटन मण्डल के तत्वावधान में जनपद गोण्डा स्थित बाल देख-रेख संस्थान (सीसीआई) पंतनगर में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक बहुआयामी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, गोण्डा के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान में निवासरत बालिकाओं एवं बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया, जिसमें बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ दृष्टि परीक्षण भी किया गया। आवश्यकता अनुसार बच्चों को चश्मों का वितरण किया गया, जिससे उनकी शिक्षा एवं दैनिक जीवन में सुविधा सुनिश्चित हो सके।बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। वहीं, शीत ऋतु को देखते हुए बच्चों को ऊनी वस्त्र प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए नाश्ता एवं अल्पाहार की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे वातावरण और अधिक आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
इस अवसर पर मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा भूषण के साथ आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने बच्चों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने इस पहल को प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयास का सराहनीय उदाहरण बताया।कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्वयं अपने हाथों से बच्चों को ऊनी वस्त्र, चश्मे, सेनेटरी नैपकिन एवं अल्पाहार वितरित किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। मण्डलीय आकांक्षा समिति की अध्यक्षा गरिमा भूषण ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और स्वास्थ्य, स्वच्छता व संवेदनशील देखभाल से ही उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मण्डलीय आकांक्षा समिति, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को बच्चों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








