


मासूम बच्ची समेत चार घायल, आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का आरोप

महराजगंज, रायबरेली।कोतवाली क्षेत्र के पूरे लोदी मजरे पिंडारी कला गांव में बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने दलित चौकीदार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में एक मासूम बच्ची समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
राहत सामग्री लेने पहुंचे युवक से विवाद का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, महराजगंज कोतवाली में चौकीदार के पद पर तैनात रामचरन का बेटा पवन कुमार रविवार छह सितंबर को गांव में बाढ़ पीड़ितों को बांटी जा रही राहत सामग्री लेने पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद गांव के ही राम कुमार ने पवन के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने के बाद पवन बिना राहत सामग्री लिए वापस घर लौट आया।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
आरोप है कि कुछ समय बाद राम कुमार अपने साथियों अभिषेक, सर्वेश और सतीश के साथ लाठी-डंडे व चाकू लेकर रामचरन के घर पहुंच गया। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में रामचरन, उनके बेटे पवन और बहू को चोटें आईं। इसी दौरान घर में मौजूद एक मासूम बच्ची को भी कथित तौर पर उठाकर जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह घायल हो गई।
गांव छोड़ने की धमकी देने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के बाद उन्हें गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए कोतवाल को निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








