दानेश्वर मंदिर से बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ कांवरियों का एक जत्था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूजा-अर्चना के बाद निकली कांवड़ यात्रा, श्रद्धालुओं ने लगाए भोलेनाथ के जयकारे

 

महराजगंज/रायबरेली : कस्बे के प्राचीन सुविख्यात दानेश्वर मंदिर परिसर से कांवरियों का एक जत्था बाबा बैजनाथ धाम के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। यात्रा पर निकलने से पूर्व सभी कांवरियों ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

कांवरियों के रवाना होने के दौरान दानेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। वातावरण भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की। जत्थे में शामिल कांवरियों में बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू भी मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने कांवरियों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। प्रभात साहू ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कस्बे से श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ है। यह धार्मिक यात्रा आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कस्बे की जनता सहित सभी श्रद्धालु कांवरियों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हैं और बाबा बैजनाथ से सभी के सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं।

जत्थे के रवाना होने के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए। भक्तिमय माहौल के बीच कांवरियों ने अपनी यात्रा शुरू की।

इस मौके पर राहुल यादव, अरविंद साहू, सभासद विनीत वैश्य, नीरज कुमार, लालू वैश्य, राजीव रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें