राजकुमार गुप्ता बोले—आजादी के बाद से राजनीतिक भागीदारी में नहीं मिला उचित प्रतिनिधित्व, हक के लिए एकजुट होने का आह्वान
महराजगंज (रायबरेली)। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए वैश्य समाज ने अपनी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। समाज को चुनाव में प्रतिनिधित्व देने वाले राजनीतिक दलों के साथ खड़े होने की बात कही गई है। शनिवार को महराजगंज कस्बे में चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू की राइस मिल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी मांग रखी।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि आजादी के बाद से वैश्य समाज को राजनीतिक भागीदारी में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। अब समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रहा है और आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए एकजुट होकर प्रयास करेगा।
चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि वैश्य समाज का व्यापार और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में समाज को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वैश्य समाज के 20 से 30 हजार मतदाता हैं। इसके बावजूद समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज के योग्य प्रतिनिधियों को टिकट देना चाहिए, ताकि वे सदन में पहुंचकर समाज की समस्याओं और मांगों को उठा सकें। प्रभात साहू ने स्पष्ट किया कि जो पार्टी वैश्य समाज के प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाएगी और उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देगी, समाज उसके साथ खड़ा होगा।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की ओर से विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर समाज को संगठित करने और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता को मजबूत करने पर जोर दिया। इस मौके पर सुमन्त गुप्ता रमेश कुमार अग्रहरी विजय रस्तोगी आर बी वैश्य फूलचंद अग्रहरि शिव शरण साहू त्रिवेणी लाल गुप्ता हेमंत वैश्य आदि लोग मौजूद रहे
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








