पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने मां के दरबार में मत्था टेकने का किया आह्वान, प्रभात साहू ने दी नवरात्रि की शुभकामनाएं
महराजगंज, रायबरेली। जय मां जसवन्ती देवी पूजा समिति, महराजगंज की ओर से आयोजित 41वें नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत विशाल जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने मां जसवन्ती देवी के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। भक्ति गीतों, मनमोहक प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां जसवन्ती देवी के दरबार में आने वाले भक्तों को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। नवरात्रि का पर्व मां की आराधना, आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने मां से सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में मौजूद नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू, अधिशासी अधिकारी राम आशीष वर्मा, अधिशासी अधिकारी गौरव पटेल वा अध्यक्ष बछरावां शिवेंद्र वर्मा उर्फ राम जी तथा आयोजन से जुड़े प्रभात साहू ने जागरण में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को मां की चुनरी और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया तथा नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं नगर पंचायत महराजगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि मां जसवन्ती देवी की कृपा नगर और क्षेत्र के सभी लोगों पर बनी रहे। नवरात्रि का पर्व हमें श्रद्धा, भक्ति और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने सभी नगरवासियों और क्षेत्रवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां से सभी के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।
कानपुर के पिंटू शर्मा जागरण ग्रुप के कलाकारों ने मां की महिमा का गुणगान किया। भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। मंदिर परिसर में सजाई गई आकर्षक झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। जागरण के दौरान देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
गौरतलब है कि जय मां जसवन्ती देवी पूजा समिति की ओर से नवरात्रि महोत्सव का आयोजन लगातार 41 वर्षों से किया जा रहा है। यह धार्मिक परंपरा क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनी हुई है।
इस मौके पर लक्ष्मी शंकर श्रीवास्तव एडवोकेट, श्रीकांत त्रिपाठी, प्रदीप श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, विजय धोनी, नूरुल हसन, धर्मेंद्र वर्मा, पीयूष साहू, रामकुमार यादव, विनीत वैश्य, मोहम्मद अलीम, मुश्ताक रायनी, अनुपम पांडेय, प्रधान बावन बुजुर्ग बल्ला, पंकज गुप्ता, अनुराग गुप्ता, विक्की अग्रहरि सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









