महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के महराजगंज-दुसौती मार्ग पर हसनगंज गांव के पास बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से एक आवारा बछिया गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सड़क पर घायल अवस्था में तड़प रही बछिया को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल ओया गांव के प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष कुमार को बुलाकर घायल गौवंश का उपचार कराया। समय पर इलाज मिलने से बछिया की जान बच गई।
प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव ने बताया कि क्षेत्र में आवारा एवं घुमंतू गौवंश अक्सर सड़कों पर विचरण करते रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि बोलेरो चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने लापरवाह वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से आवारा गौवंश की सुरक्षा और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








