मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त ने जयप्रभा ग्राम पहुंचकर परखी तैयारियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीआईजी और जिलाधिकारी के साथ कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।

 

 

गोण्डा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल, जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक के साथ इटियाथोक स्थित जयप्रभा ग्राम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कहीं भी कमी मिलने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

वहीं, डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी रमेश रंजन ने भी कार्यक्रम में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम समाप्त होने तक सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित स्थलों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें