मतदाता सूची में नाम और जन्मतिथि की त्रुटियों पर रहेगी प्रशासन की नजर, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो सुधारने पर डीएम रमेश रंजन ने दिया जोर, बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश

 

**गोण्डा, 18 नवंबर।** आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रों के ईपी रेशियो (इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो) एवं जेंडर रेशियो पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि अधिकारी अपने अधीनस्थ सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से लगातार संपर्क बनाए रखें तथा कार्यों की प्रगति की नियमित जानकारी प्राप्त करें। मतदाताओं के नाम, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए और गलत प्रविष्टियों को भी दुरुस्त किया जा सके।

डीएम ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करें। पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, पीडी डीआरडीए, चकबंदी विभाग के अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी

उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें