शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने का आरोप, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवोदय चौराहे के पास से पुलिस ने दबोचा, रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

महराजगंज, रायबरेली। शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। पुलिस टीम ने शनिवार देर रात नवोदय चौराहे के पास से आरोपित को गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि पूरे तिवारी मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी मुन्ना सिंह का उसके गांव में आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि मुन्ना सिंह ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और लगातार उसका शोषण करता रहा। बाद में शादी से इनकार करने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुन्ना सिंह और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में उपनिरीक्षक रोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार देर रात मुख्य आरोपित मुन्ना सिंह को नवोदय चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को रविवार को जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विधिक कार्रवाई जारी है।

कर्नलगंज से पवनदेव सिंह की रिपोर्ट।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें