

शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
गोण्डा, 21 नवम्बर। तहसील तरबगंज में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 90 शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें गठित की जाएं। टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों को बुलाए और उनकी बात सुनने के बाद निष्पक्ष तरीके से समस्या का समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण, चकमार्ग, नाली, तालाब की भूमि की पैमाइश और अवैध कब्जे से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें। शिकायतकर्ता की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए उसके आने का लिखित उल्लेख किया जाए तथा कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी तरबगंज सविता शुक्ला, तहसीलदार रामजीत यादव, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित राजस्व, पुलिस, विद्युत, पंचायत राज, कार्यक्रम एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






