

एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश, कृषि रक्षा इकाई का भी किया निरीक्षण
महराजगंज (रायबरेली)। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील महराजगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 36, पुलिस विभाग की छह, विकास विभाग की दो तथा अन्य विभागों की 11 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में से सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 48 शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निस्तारण करें। यदि किसी प्रकरण के समाधान में कोई व्यावहारिक कठिनाई आती है तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज करते हुए अवगत कराया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने पर जवाबदेही तय किए जाने के भी संकेत दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व जिलाधिकारी ने कृषि रक्षा इकाई महराजगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे गेहूं के बीज के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। वितरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने हाजीपुर गांव के किसान संदीप कुमार से फोन पर बातचीत की। किसान ने बताया कि फिलहाल धान की कटाई चल रही है और केंद्र प्रभारी का फोन आ चुका है। वह एक-दो दिन में अनुदानित गेहूं का बीज प्राप्त कर लेंगे।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, तहसीलदार शालिनी तिवारी, कोतवाल जगदीश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







