बरेली मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिल्लापुर में एक राजनीतिक कार्यक्रम के बाद ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने पहले ग्राम प्रधान के साथ अभद्रता और मारपीट की और बाद में भाले से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को गांव सिल्लापुर में एक स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हुई थीं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गांव निवासी अरविंद पुत्र रामदास ने ग्राम प्रधान यशवंत सिंह के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अरविंद ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
पीड़ित के अनुसार, शाम करीब सात बजे भोजन करने के बाद जब वह गांव में टहलने निकले, तभी अरविंद ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उसने पहले लात-घूंसों और डंडों से हमला किया और बाद में भाले से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। आरोप है कि जाते समय उसने दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, ग्राम प्रधान और उनके परिवार के लोग भी दहशत में हैं। थाना मीरगंज के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








