
गोंडा। तरबगंज तहसील के बाढ़ प्रभावित ऐली परसौली क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से सोमवार को अत्याधुनिक JSW SHERP SMV 1200 सर्व-भूभागीय बाढ़ बचाव वाहन का शुभारंभ किया गया। दोपहर 1:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर बाढ़ राहत सेवा के लिए रवाना किया।

यह अत्याधुनिक रेस्क्यू वाहन जल, दलदल, कीचड़ और दुर्गम बाढ़ग्रस्त इलाकों में भी आसानी से संचालित हो सकता है। प्रशिक्षित संचालन दल के साथ इसे ऐली परसौली बाढ़ क्षेत्र में तैनात किया गया है। यह वाहन बाढ़ की स्थिति सामान्य होने अथवा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अगले आदेश तक प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि इस विशेष वाहन की मदद से उन गांवों और बस्तियों तक भी राहत सामग्री और बचाव दल पहुंच सकेंगे, जहां सामान्य नाव या अन्य वाहन पहुंचने में कठिनाई होती है। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में काफी सुविधा मिलेगी।
वाहन के संचालन और तैनाती का पूरा खर्च आर्चा एडवेंचर आर्केड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वहन किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन पर किसी प्रकार का वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इसे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इस वाहन के माध्यम से आपदा की घड़ी में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








