रात की बारिश से मिली राहत, दिन में तेज धूप ने बढ़ाई उमस; अधिकतम तापमान 35 डिग्री पहुंचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेठी। मौसम ने महज कुछ घंटों में अपना मिजाज बदल लिया। रविवार देर रात हुई बारिश से जिले में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। सोमवार सुबह मौसम सुहावना रहा और ठंडी हवाओं के चलते लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तेज धूप निकल आई। सुबह 9बजे तक आसमान साफ होने के साथ उमस बढ़ गई और लोग पसीने से तरबतर हो गए। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण गर्मी का एहसास सामान्य से ज्यादा रहा।

बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिला है। पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, जिससे धान सहित खरीफ की फसलों की रोपाई और बढ़वार को गति मिलेगी। जिन किसानों ने पहले ही रोपाई कर दी थी, उनकी फसलों के लिए भी यह वर्षा लाभदायक साबित हुई है। वहीं जिन खेतों में अभी रोपाई बाकी है, वहां भी अब तेजी आने की उम्मीद है। बारिश के बाद खेतों में पानी भरने से सिंचाई की जरूरत भी कम हो गई है, जिससे किसानों को राहत मिली है।

हालांकि दिन में तेज धूप निकलने से बाजारों और सड़कों पर निकलने वाले लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बाजारों में अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी और लोग छांव तथा ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। चिकित्सकों ने भी उमस भरे मौसम में पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि रात में हुई बारिश से तापमान में कमी आई, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने और वातावरण में नमी बढ़ने से उमस अधिक महसूस हुई। उन्होंने बताया कि मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और जिले के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि किसानों के लिए यह मौसम फिलहाल अनुकूल माना जा रहा है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें