सपा का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार को सौंपा। इस दौरान सपा कार्यालय और कचहरी क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया तथा कई नेताओं को नजरबंद किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर उनके साथ अभद्रता की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का लोकतांत्रिक अधिकार है तथा समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी।

ज्ञापन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कथित पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से हटाने की मांग की गई। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की रिहाई, जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई।

पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल ने कहा कि लोकतंत्र की आवाज को दबाया नहीं जा सकता, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी दमन से डरने वाले नहीं हैं और जनता आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

प्रदर्शन में पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे। वहीं, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सपा कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया। पार्टी का आरोप है कि कई नेताओं और पदाधिकारियों को एहतियातन हाउस अरेस्ट भी किया गया।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें