दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचे डीएम चंद्र मोहन गर्ग, सम्मान विशेष विद्यालय का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को अलीनगर स्थित सम्मान विशेष विद्यालय का निरीक्षण कर दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई, बच्चों के प्रशिक्षण और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और दिव्यांग बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की। बच्चों ने खेलकूद के लिए स्पोर्ट्स किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री और जरूरी संसाधन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पठन-पाठन की गुणवत्ता और विशेष बच्चों की देखभाल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत कुल 13 शिक्षक एवं कर्मचारियों में 9 विशेष शिक्षक (स्पेशल एजुकेटर) और 4 शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने विद्यालय के स्टाफ से बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें