महराजगंज (रायबरेली)। ‘करो योग, रहो निरोग’ अभियान के अंतर्गत रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महराजगंज के ओथी गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में विशेष योग शिविर एवं सद्भावना साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणनायक पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित योग शिविर में ग्रामीणों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान डॉ. पांडेय ने स्वयं योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार है। नियमित योग से मानसिक तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति का समग्र स्वास्थ्य बेहतर होता है।
योग शिविर के उपरांत स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से ओथी गांव में सद्भावना साइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को प्रतिदिन योग करने, नियमित व्यायाम अपनाने तथा फिट इंडिया मिशन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा समाज में स्वास्थ्य एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





