महराजगंज (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के नौ दिन बाद शनिवार को लखनऊ में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को अंतिम संस्कार के बाद मृतक के पुत्र ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के पूरे ककई मजरे थुलवासा निवासी रामआसरे (55) भवानी पेपर मिल में मजदूरी करते थे। 11 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त कर वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जमलापुर कचौंदा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मृत्यु हो गई।
रविवार को अंतिम संस्कार के उपरांत मृतक के पुत्र शैलेंद्र ने मिल एरिया थाने में अज्ञात पिकअप चालक के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की।
मामले में मिल एरिया थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।





