
गोंडा, 19 जुलाई। प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नकली, नशीली एवं एलोपैथिक दवाएं बरामद कर तीन अवैध गोदामों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 16 से 18 जुलाई तक बरियार पुरवा, सोनार गली और बड़गांव क्षेत्र में तीन दिनों तक सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रदेश के नौ जिलों के औषधि निरीक्षकों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
जांच के दौरान गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित अमन फार्मास्युटिकल्स निर्धारित पते पर संचालित नहीं मिला। पूछताछ के बाद टीम संचालक अमन कसौधन के आवास पहुंची, जहां उसके भाई शिवम कसौधन ने बिना लाइसेंस औषधि कारोबार करने की बात स्वीकार की। जांच में दो अन्य अवैध गोदामों का भी खुलासा हुआ, जहां भारी मात्रा में दवाएं रखी मिलीं।
छापेमारी के दौरान संचालक दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर या बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों गोदामों में रखी गई सभी दवाओं को सीज कर दिया गया।
बरामद दवाओं में बड़ी संख्या में ट्रामाडोल इंजेक्शन, अल्प्राजोलम टैबलेट, कोडीन सिरप, विभिन्न कैप्सूल और अन्य एलोपैथिक औषधियां शामिल हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 19 प्रकार की दवाओं के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पुलिस ने शिवम कसौधन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन कसौधन फरार है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि प्रदेश सरकार नकली और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे नेटवर्क के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






