खाना खर्च की मांग को लेकर महिला का फिर हाई वोल्टेज ड्रामा, तीन मासूम बच्चों संग रेलवे टावर पर चढ़ी
गोंडा। शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ रेलवे के ऊंचे टावर पर चढ़ गई और वहां से कूदने की धमकी देने लगी। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस मौके पर पहुंची तथा महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। हालांकि काफी देर तक महिला किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि महिला तरबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी बाजार की रहने वाली है। उसका आरोप है कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है और पिछले करीब नौ वर्षों से किंन्हौरा गांव निवासी राम इकबाल से उसका संपर्क है। महिला का कहना है कि अब राम इकबाल भी उसे और उसके बच्चों के भरण-पोषण के लिए खाना खर्च देने से इनकार कर रहे हैं, जिससे वह आर्थिक तंगी से जूझ रही है।
गौरतलब है कि लगभग एक माह पहले भी यही महिला पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के स्कूल परिसर में स्थित टावर पर चढ़ गई थी और वहां भी काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला था। उस दौरान भी पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
इस बार रेलवे स्टेशन परिसर में टावर पर चढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और महिला को शांत कराने का प्रयास शुरू किया।
फिलहाल पुलिस महिला को सुरक्षित नीचे उतारने और पूरे मामले की जांच में जुटी है। साथ ही महिला के आरोपों एवं उसके पारिवारिक विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








