
महराजगंज/रायबरेली। ग्राम पंचायत पोखरनी में स्वच्छता पखवाड़ा को बढ़ावा देने एवं ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के दौरान ग्राम प्रधान रामकली, प्रधान प्रतिनिधि बब्लू शुक्ला, ग्राम पंचायत सचिव सर्वोत्तम सिंह, रोजगार सेवक सतेंद्र त्रिपाठी, सफाई कर्मियों, आशा कार्यकर्ता शीला शुक्ला, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम पंचायत सदस्य धर्मेंद्र शुक्ला और रामसुख सहित अनेक लोगों ने गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कार्य किया।
कार्यक्रम में ग्रामवासी अमन चौरसिया, अम्बरीश शुक्ला, अखिलेश शुक्ला समेत अन्य ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा नियमित साफ-सफाई के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया।
ग्राम प्रधान रामकली ने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
वहीं, एडीओ पंचायत शिखर शुक्ला ने दूरभाष पर बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर विकासखंड महराजगंज के सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जो 21 जून तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का भी निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







