
कर्नलगंज, गोंडा। नगर के मोहल्ला बालूगंज में लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने और शिकायत के बावजूद समाधान न होने से नाराज एक पीड़ित नागरिक ने बुधवार रात ही विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को ई-मेल भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया। शिकायत सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित शिव शंकर भट्ट द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 10 जून 2026 को शाम लगभग 5 बजे से मोहल्ला बालूगंज की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इस दौरान पावर हाउस कर्नलगंज के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन दिया जाता रहा कि फीडर की खराबी ठीक की जा रही है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आरोप है कि देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। पुनः संपर्क करने पर जानकारी दी गई कि नाइट ड्यूटी पर तैनात लाइनमैन कार्य किए बिना ही घर चले गए हैं और अब मरम्मत का कार्य अगले दिन किया जाएगा। भीषण गर्मी के बीच पूरी रात बिजली न रहने से मोहल्लावासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पीड़ित ने अपने पत्र में विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निर्देश जारी करने की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ई-मेल भेजने के अलावा शिकायतकर्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) तथा व्हाट्सएप के माध्यम से भी विभाग के अन्य अधिकारियों को मामले से अवगत कराया है। शिकायत के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों में हलचल तेज हो गई है और मामले की जांच की चर्चा शुरू हो गई है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








