कर्नलगंज में भीषण सड़क हादसा: 4 लोगों की मौत, 5 घायल, विधायक व जिलाधिकारी पहुंचे अस्पताल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्नलगंज, गोंडा। कर्नलगंज-लखनऊ हाईवे पर भलियन पुरवा नारायणपुर मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसे बचाने के लिए स्थानीय लोग सड़क किनारे एकत्र हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने लोगों को रौंद दिया, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में हसन मोहम्मद पुत्र हैदर अली, इम्तियाज पुत्र हैदर अली, निवासी नारायणपुर माझा, गुलशन पुत्र शत्रोहन तथा संजय तिवारी पुत्र कृष्णपाल, निवासी ग्राम तरहटा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।वहीं हादसे में तबरेज़, परवेज, अल्ताफ और अंशुमान निवासी नारायणपुर माझा तथा विनय सिंह निवासी करुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में भर्ती कराया गया, जहां दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।इसके अलावा जिलाधिकारी महोदया भी अस्पताल पहुंचीं और सभी घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के निर्देश देते हुए हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। :::

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें