
चंदापुर, रायबरेली। थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक डंपर ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 6 बजे स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज के पास फौजी ढाबा के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोहनगंज की ओर से आ रहा तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैदल जा रही दोनों महिलाओं को रौंदते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी महिला गंभीर हालत में सड़क पर तड़पती रही।
मृतक महिला की पहचान पूरे भगवानदीन मजरे घूराडीह निवासी श्रीमती पत्नी काशी प्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही चंदापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल भिजवाया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और डंपर की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








