अटल आवासीय विद्यालय में 150 सीटों पर प्रवेश का मौका, 5 जनवरी तक करें आवेदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कक्षा 6 में 140 और कक्षा 9 में 10 सीटों पर होगा दाखिला, निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा

 

गोण्डा, 23 नवम्बर। देवीपाटन मंडल के गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिले के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश पाने का सुनहरा अवसर है। ग्राम सिसवा, तहसील मनकापुर स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुल 150 सीटों पर प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 5 जनवरी 2027 की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

उपश्रमायुक्त, देवीपाटन मंडल की ओर से जारी सूचना के अनुसार कक्षा 6 में 140 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें 70 बालक और 70 बालिकाएं शामिल हैं। वहीं कक्षा 9 में कुल 10 सीटों पर प्रवेश होगा, जिनमें छह बालक और चार बालिकाओं को अवसर मिलेगा। प्रवेश का लाभ उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पात्र बच्चों के साथ कोविड-19 महामारी के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों को भी मिलेगा।

निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए श्रमिक का पंजीयन अद्यतन एवं नवीनीकृत होना अनिवार्य है। साथ ही 30 अक्टूबर 2026 तक बोर्ड की सदस्यता के तीन वर्ष पूरे होने चाहिए। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 तथा कक्षा 9 के लिए 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5 अथवा कक्षा 8 में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना भी जरूरी है। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चे ही प्रवेश के पात्र होंगे। प्रवेश में नियमानुसार आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा।

प्रवेश के लिए आवेदन पत्र संबंधित जिले के श्रम विभाग कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों और तीन अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संबंधित जिले के श्रम विभाग कार्यालय में 5 जनवरी 2027 की शाम पांच बजे तक जमा करने होंगे।

आवेदन के साथ अद्यतन एवं नवीनीकृत निर्माण श्रमिक कार्ड, पात्रता संबंधी प्रमाण पत्र, आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा तीन पासपोर्ट साइज फोटो लगाना अनिवार्य है।

विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है। यहां चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ भोजन और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें