

,कर्नलगंज के पास गांव से निकलकर लखनऊ तक तय किया सफलता का सफर, मास्टर ऑफ प्लानिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल किया स्वर्ण पदक; पिता कवि कुमार, राम कुमार मिश्रा और मां के संघर्ष-संस्कारों ने दिखाई राह
लखनऊ/कर्नलगंज।प्रतिभा किसी बड़े शहर या संपन्न परिवार की मोहताज नहीं होती, अगर हौसलों में उड़ान और मेहनत में दम हो तो गांव की पगडंडियों से निकलकर भी सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है। इस बात को सच कर दिखाया है कर्नलगंज के निकट स्थित अवस्थी पुरवा गांव के युवा आर्किटेक्ट एवं अर्बन प्लानर प्रभात कुमार मिश्रा ने। बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ के दीक्षांत समारोह-2026 में उन्हें मास्टर ऑफ प्लानिंग पाठ्यक्रम में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

प्रभात की यह सफलता सिर्फ एक गोल्ड मेडल हासिल करने की कहानी नहीं, बल्कि एक साधारण परिवार के सपनों, संस्कारों और वर्षों की मेहनत की प्रेरक मिसाल है। गांव के सामान्य परिवेश से निकलकर उच्च शिक्षा और पेशेवर दुनिया में अपनी पहचान बनाने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
प्रभात के पिता राम कुमार मिश्रा क्षेत्र में ‘कवि कुमार’ के नाम से जाने जाते हैं। खेती-किसानी के साथ-साथ उन्हें कविता और साहित्य में विशेष रुचि है। बच्चों के प्रति उनका लगाव और शिक्षा के प्रति समर्पण ऐसा है कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान में बच्चों को शिक्षा भी देते हैं। वहीं उनकी माता गृहिणी हैं, जिन्होंने परिवार को संभालने के साथ बेटे के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। माता-पिता के इन्हीं संस्कारों और मार्गदर्शन ने प्रभात को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रभात कुमार मिश्रा वास्तुकला एवं शहरी नियोजन के क्षेत्र में सात वर्षों से अधिक का पेशेवर अनुभव रखते हैं। वास्तुकला की पढ़ाई के बाद उन्होंने शहरी नियोजन में उच्च शिक्षा हासिल की। वर्तमान में वह वास्तुशिल्प डिजाइन, शहरी विकास, आधारभूत संरचना नियोजन एवं डिजाइन कंसल्टेंसी के क्षेत्र में सक्रिय हैं। सतत शहरी विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और तेजी से बढ़ते शहरों की नियोजन संबंधी चुनौतियों पर उनका विशेष फोकस रहा है।
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल करना उनकी शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस उपलब्धि पर उन्होंने अपने माता-पिता, परिवार, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अवस्थी पुरवा जैसे छोटे गांव से निकलकर लखनऊ के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले प्रभात कुमार मिश्रा ने साबित कर दिया कि मंजिल पाने के लिए संसाधनों से ज्यादा मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत की जरूरत होती है। उनकी सफलता ने न केवल परिवार का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि कर्नलगंज क्षेत्र के युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की नई प्रेरणा दी है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




