बकाया मजदूरी को लेकर प्रधान संघ का अल्टीमेटम, भुगतान नहीं तो ठप होंगे विकास कार्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनरेगा और बीबीजीआरजी योजना के तहत मजदूरी व सामग्री का भुगतान लंबित होने से नाराज प्रधान संघ ने बीडीओ को सौंपा मांगपत्र, अधिकारियों को दी आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज, रायबरेली। विकासखंड महराजगंज में मजदूरों की बकाया मजदूरी और निर्माण सामग्री के भुगतान का मामला तूल पकड़ने लगा है। भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज प्रधान संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए विकास कार्य ठप करने की चेतावनी दी है। प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने खंड विकास अधिकारी को मांगपत्र सौंपकर स्पष्ट किया है कि जब तक मजदूरों की लंबित मजदूरी और सामग्री का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक योजनाओं के तहत नए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा।

गौरतलब है कि 23 से 30 नवंबर 2026 तक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन दूसरी ओर पुरानी मजदूरी का भुगतान न होने से इस अभियान की सफलता पर सवाल उठने लगे हैं।

प्रधान संघ अध्यक्ष का आरोप है कि बीबीजीआरजी योजना लागू होने के बाद से श्रमिकों को अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं मनरेगा के तहत भी मजदूरी और निर्माण सामग्री की बड़ी धनराशि बकाया है। भुगतान में देरी के चलते मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और वे अब काम करने से भी कतरा रहे हैं।

त्योहार बीते, फिर भी नहीं मिली मेहनत की कमाई

प्रधान संघ की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि दशहरा, दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी मजदूरी का भुगतान मिले बिना गुजर गए। मेहनत करने के बावजूद पारिश्रमिक नहीं मिलने से श्रमिकों को परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों के निस्तारण की भी मांग उठाई गई है।

प्रधान संघ अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने दो टूक कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरी एवं सामग्री का बकाया भुगतान, बीबीजीआरजी योजना के अंतर्गत संपूर्ण मजदूरी का भुगतान और ग्राम रोजगार सेवकों की मांगों का निस्तारण होने तक विकासखंड में योजनाओं के कार्यों को गति देना संभव नहीं होगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मांगपत्र की प्रतिलिपि श्रम रोजगार उपायुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, जिलाधिकारी रायबरेली और आयुक्त ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश शासन को भी भेजी गई है।

अब सवाल यह है कि एक ओर सरकार गांवों में रोजगार बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर मजदूर अपनी पुरानी मजदूरी के लिए इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन बकाया भुगतान को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें