गोण्डा, 05 मई 2026: देवीपाटन मंडल में चकमार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और अवरुद्ध रास्तों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। तहसील कर्नैलगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में मिली शिकायतों के बाद आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि चकमार्गों को केवल पैमाइश तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें स्थायी रूप से अतिक्रमणमुक्त कराते हुए मिट्टी पटाई और खड़ंजा निर्माण भी सुनिश्चित किया जाए।
आयुक्त ने कहा कि जब तक चकमार्गों पर निर्माण कार्य नहीं होगा, तब तक रास्ते दोबारा अवरुद्ध होने की आशंका बनी रहेगी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजस्व और विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय को अनिवार्य बताया गया है।निर्देशों के अनुसार, लेखपाल द्वारा पैमाइश के बाद चकमार्गों की सूची ग्राम पंचायत अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी को सौंपी जाएगी, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्ताव पारित कर शीघ्र निर्माण कार्य कराया जा सके। वहीं तहसील स्तर पर यह सूची तहसीलदार के माध्यम से उपजिलाधिकारी और खण्ड विकास अधिकारी तक भेजी जाएगी, जहां से आवश्यक वित्तीय व्यवस्था कर कार्य पूरा कराया जाएगा।
जिला स्तर पर भी मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी को क्षेत्र पंचायतवार चिह्नित चकमार्गों की सूची भेजने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बड़े और लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा सके। साथ ही अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है।आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जहां चकमार्गों पर अस्थायी अतिक्रमण हैं, वहां न्यायालय की प्रक्रिया में समय न लगाते हुए सीधे कार्रवाई कर रास्तों को खाली कराया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसमें चकमार्गों का सीमांकन, अतिक्रमण की स्थिति और की गई कार्रवाई का फोटो सहित विवरण शामिल होगा।
प्रशासन की इस सख्ती से यह संकेत मिल रहा है कि अब चकमार्गों पर अवैध कब्जे और रास्तों में बाधा को लेकर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विवाद कम होंगे और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








