गोंडा, 15 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के सभी एलपीजी विक्रय प्रबंधकों एवं गैस एजेंसी प्रोपराइटरों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य घरेलू एवं व्यवसायिक गैस वितरण में आ रही समस्याओं का समाधान करना तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध और निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना रहा।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस वितरण प्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों और एजेंसी संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गैस बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अधिकारियों को नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करने और वितरण व्यवस्था की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति की स्थिति पर ध्यान देने की आवश्यकता जताई और वहां किसी भी प्रकार की कमी न होने के निर्देश दिए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी गैस कनेक्शन है, वे स्वेच्छा से घरेलू गैस सिलेंडर समर्पित कर दें, अन्यथा उनका कनेक्शन बंद किया जा सकता है। साथ ही एजेंसियों को ऐसे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर न देने और उनकी बुकिंग सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी कुँवर दिनेश प्रताप सिंह, एआरओ शिव प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी संचालक उपस्थित रहे। सभी ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि वे निर्देशों का पूर्णतः पालन करेंगे और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








