पुलिस मुठभेड़ में अपहरण और लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। जनपद गोंडा में नवाबगंज थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, एक मोटरसाइकिल और 58 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि घटना में शामिल बदमाश उमरिया पावर हाउस के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास मिश्रा के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी सौरभ दुबे को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 2 मार्च को नवाबगंज क्षेत्र से अंकित कुमार यादव का अपहरण किया था। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खोड़ारे क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें