

गोंडा। जनपद गोंडा के कर्नलगंज बस स्टैंड के पास अवैध गांजा बिक्री का धंधा खुलेआम जारी है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस और आबकारी विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्नलगंज कोतवाली और तहसील से लगभग 500 मीटर की दूरी पर भांग ठेके की आड़ में चिप्पड़-गांजा की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। हैरानी की बात यह है कि इतने संवेदनशील क्षेत्र में अवैध गतिविधि होने के बावजूद न तो पुलिस ने दुकान बंद कराई है और न ही संबंधित आबकारी निरीक्षक द्वारा कोई प्रभावी कदम उठाया गया है।
नागरिकों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार के कारण युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है। पूर्व में इस मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन उसके बाद भी जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई।
मामले में आबकारी विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संज्ञान लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी, गोंडा को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि, जमीनी स्तर पर स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब अवैध नशे का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, तो कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने तथा अवैध गांजा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज








