क्षतिग्रस्त विद्युत पोल से 48 घंटे से ठप बिजली आपूर्ति, जनजीवन बेहाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा। जनपद के कर्नलगंज तहसील अंतर्गत कटरा बाजार क्षेत्र के परसिया रानी (उसरैना) गांव में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल के चलते बीते 48 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। लगातार अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली न होने से पीने के पानी की समस्या गंभीर हो गई है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और मोबाइल चार्ज न हो पाने के कारण संपर्क व्यवस्था भी ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग को कई बार दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि क्षतिग्रस्त विद्युत पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है, बावजूद इसके विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। शिकायत के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड तथा मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से शिकायत को संज्ञान में लेने की बात कही गई है और संबंधित इकाई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।

ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को तत्काल बदला जाए, शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल की जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। अब देखना यह है कि विद्युत विभाग कब जागता है और ग्रामीणों को अंधेरे से राहत कब मिलती है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें