


मिशन शक्ति अभियान के तहत विनर्स एकेडमी चकरौत में छात्र-छात्राओं को नारी सुरक्षा व साइबर जागरूकता की दी गई जानकारी
करनैलगंज, गोण्डा | 08 जुलाई 2025
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज करनैलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत विनर्स एकेडमी, चकरौत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत कुमार जायसवाल के निर्देशन में किया गया, जिसमें मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा एवं कानूनी पहलुओं की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति टीम में शामिल महिला उपनिरीक्षक खुबसूरती श्रीवास्तव, महिला आरक्षी रूपा देवी, एवं कांस्टेबल अमित कुमार ने बच्चों को नारी सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, और नवीन कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, सभी को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया, जो इस प्रकार हैं:
- 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
- 1090 – महिला हेल्पलाइन (वूमेन पावर लाइन)
- 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 108 – एंबुलेंस सेवा
- 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
- 102 – स्वास्थ्य सेवा
टीम ने छात्रों को फीडबैक फॉर्म के माध्यम से कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रतिक्रिया देने के लिए भी प्रेरित किया। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।
इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को न सिर्फ उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी देना है, बल्कि समाज को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना भी है। थाना करनैलगंज पुलिस की यह पहल क्षेत्र में महिला और बाल सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
