हिन्द लेखनी न्यूज़, विशेष संवाददाता रिपोर्ट | 22 मई 2025
गोंडा/करनैलगंज। तहसील करनैलगंज में राजस्व प्रशासनिक ढांचे को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी महोदय द्वारा जारी आदेश संख्या 974225 दिनांक 15 मई 2025 के अनुक्रम में राजस्व परिषद आदेश संख्या 2542/4-35एक/2025 दिनांक 03.05.2025 के आधार पर किए गए राजस्व निरीक्षकों के प्रमोशन उपरांत खाली पड़े लेखपाल क्षेत्रों पर तत्काल प्रभाव से नई तैनातियां कर दी गई हैं।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी करनैलगंज द्वारा आदेश जारी कर पांच लेखपालों को उनके नाम के सामने उल्लिखित क्षेत्रों में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। आदेश के अनुसार, संबंधित लेखपालों को तुरंत प्रभाव से कार्यभार संभालने और सुचारु राजस्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
लेखपालों का विवरण एवं नई तैनाती क्षेत्र:
क्रम संख्या नाम लेखपाल तैनाती क्षेत्र अतिरिक्त प्रभार
1 – विकास सिंह नरायनपुर माझा करनैलगंज सकतपुर
2 विनय यादव सकरौरा ग्रामीण बहुवनमंदार माझा पश्चिमी
3 – रमेश वर्मा धौरहरा मलाव
4 – आत्माराम पसका कचनापुर
5 – विजय कुमार कटारा शहबाजपुर —
इन नई तैनातियों से राजस्व कार्यों में गति लाने, नागरिकों को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने एवं क्षेत्रीय विवादों के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह पुनर्गठन उन क्षेत्रों में किया गया है जहां लेखपाल के पद रिक्त हो गए थे या अतिरिक्त भार था।
प्रशासनिक स्तर पर तेजी से लिए जा रहे हैं निर्णय
इस संबंध में करनैलगंज के उपजिलाधिकारी कार्यालय से आदेश संख्या 577/एस०टी० (लेखपाल क्षेत्र आवंटन)/2025 दिनांक 19 मई 2025 को जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और संबंधित राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों को भेजी गई है ताकि सुनिश्चित रूप से तत्काल अनुपालन हो सके।
राजस्व व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
गौरतलब है कि करनैलगंज तहसील के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से लेखपालों के रिक्त पदों के कारण राजस्व संबंधी कार्यों में देरी हो रही थी। इस आदेश से जहां एक ओर प्रशासनिक गतिविधियों को बल मिलेगा, वहीं आमजन की समस्याओं के निवारण में भी तेजी आएगी।
प्रशासन की मंशा है कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पारदर्शी, उत्तरदायी और तेज गति से संचालित हो, जिसके लिए इस प्रकार के तैनाती आदेश समय-समय पर जारी किए जाते हैं।
हिन्द लेखनी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु उपजिलाधिकारी स्वयं क्षेत्रीय निरीक्षण करेंगे और कार्य में लापरवाही पर सख्त कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।
