वरिष्ठ पत्रकार अमरीश कुमार गुप्ता का निधन, इलाके में शोक की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कर्नलगंज (गोंडा)। पत्रकारिता जगत ने आज एक होनहार और कर्मठ पत्रकार को खो दिया। कर्नलगंज क्षेत्र के बरगदी निवासी वरिष्ठ पत्रकार अमरीश कुमार गुप्ता का इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नागरिकों से लेकर पत्रकारिता जगत तक हर कोई इस अपूरणीय क्षति से मर्माहत है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरीश कुमार गुप्ता कई वर्षों से विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों के लिए सक्रिय पत्रकारिता करते आ रहे थे। समाज के ज्वलंत मुद्दों को उठाने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित करने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। कुछ दिनों पूर्व अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें इलाज हेतु स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्रारंभिक इलाज के बाद भी जब राहत नहीं मिली, तो उन्हें एक निजी अस्पताल में बेहतर उपचार के लिए शिफ्ट किया गया। वहां स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया था, लेकिन बीती रात अचानक उनकी तबीयत फिर से गंभीर हो गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा ही रहे थे कि रास्ते में ही उनकी अंतिम सांसें थम गईं।

उनकी मृत्यु की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के गांवों और मोहल्लों से लोग भारी संख्या में उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर एकत्रित होने लगे। हर आँख नम थी और हर चेहरा मायूस। परिवार का हाल बेहाल है। सबसे ज्यादा मार उनके तीन नन्हे बच्चों पर पड़ी है, जिनके सिर से आज पिता का साया उठ गया। घर के कोने-कोने में सिर्फ रुदन और शोक का माहौल है।

परिजनों ने जानकारी दी है कि अमरीश गुप्ता का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे सरयू नदी के तट पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता और आम जनता बड़ी संख्या में जुटने लगे हैं।

वरिष्ठ पत्रकार के रूप में अमरीश गुप्ता ने पत्रकारिता को सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम माना। वे हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता देते रहे। उनकी लेखनी में सच्चाई और समाज के प्रति गहरी संवेदना झलकती थी। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पत्रकारिता जगत ने भी एक सच्चा सिपाही खो दिया है, जिसकी भरपाई कर पाना कठिन है।

स्थानीय पत्रकार संघों और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। अनेक संगठनों ने सरकार से मांग की है कि अमरीश गुप्ता के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और उनके बच्चों के भविष्य की सुरक्षा हेतु विशेष कदम उठाए जाएं।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपीड़ादायक समय सहने की शक्ति प्रदान करें।

 

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india