उत्सव में खलल डालने वालों का भविष्य भी होगा स्वाहा–योगी आदित्य नाथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा, 6 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जनपद के कटरा एवं करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार, राम मंदिर और प्रदेश की बदलती तस्वीर को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, अराजकता और असुरक्षा का माहौल था। दुर्गा पूजा, रामलीला और अन्य धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डाला जाता था, लेकिन अब किसी ने भी उत्सव के रंग में भंग डालने का प्रयास किया तो उसका वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले सत्ता में बैठे लोग दंगाइयों और पेशेवर गुंडों के सामने नतमस्तक रहते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश कानून के राज और विकास के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के सभी जनपदों, तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों तक बिना भेदभाव विकास योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।सीएम योगी ने कहा कि गोंडा कभी तुष्टिकरण, अराजकता और जातिवाद की राजनीति का शिकार रहा, जिससे विकास बाधित हुआ। लेकिन अब गोंडा में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।

राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रामभक्त अयोध्या नहीं जा पाते थे, लेकिन अब रामद्रोही अयोध्या नहीं आ सकते। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण करोड़ों लोगों की आस्था और संघर्ष का परिणाम है।मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रोजगार और निवेश के बढ़ते अवसरों का जिक्र करते हुए कहा कि अब केवल नोएडा और गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी निवेश हो रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में अब बिना भेदभाव सभी पात्र युवाओं को अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण, योग और जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने मटियारी घाट पर दीर्घ सेतु निर्माण, घाघरा नदी के तट पर बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं, टेढ़ी नदी पर सेतु निर्माण, रमापुर पशु चिकित्सालय तथा राजकीय आईटीआई करनैलगंज में आधुनिक कार्यशाला निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार आधुनिक उत्तर प्रदेश के आधुनिक गोंडा के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, विधायक विनय कुमार द्विवेदी, अजय सिंह, बावन सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रभात कुमार वर्मा, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह ‘मंजू’, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें