दिल्ली विश्वविद्यालय पीएचडी प्रवेश परीक्षा में अखण्ड प्रताप सिंह ने हासिल की चौथी रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडा (कर्नलगंज): तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मुंडेरवा निवासी अखण्ड प्रताप सिंह ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नेट परीक्षा में जेआरएफ प्राप्त करने के बाद उन्होंने प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में हिन्दी विषय की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में अपने ग्रुप में चौथा स्थान हासिल किया है।

 

अखण्ड प्रताप सिंह शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा करनैलगंज स्थित चित्रगुप्त इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने स्नातक (बी.ए.) की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से तथा परास्नातक (एम.ए.) की डिग्री केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश से सम्मान सहित उत्तीर्ण की। हिन्दी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “हिमाचल राजभाषा सम्मान” से भी नवाजा जा चुका है।

 

अपनी सफलता पर अखण्ड प्रताप सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके पूर्वजों और गुरुजनों के आशीर्वाद तथा निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उनका सपना अब साकार हो रहा है।

 

अखण्ड एक शिक्षित परिवार से आते हैं। उनके बाबा स्वर्गीय सूबेदार सिंह प्रधानाध्यापक रहे हैं, जबकि उनके पिता के.डी. सिंह करनैलगंज तहसील में अधिवक्ता हैं। उनकी माता श्रीमती संगीता सिंह भी स्नातक हैं। परिवार का शैक्षिक वातावरण ही उनकी सफलता की प्रेरणा बना।

 

उनकी इस उपलब्धि पर चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक वी.के. श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य गजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रवि प्रताप सिंह सहित समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इसके अलावा ग्राम मुंडेरवा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अनेक शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने अखण्ड प्रताप सिंह को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज

Leave a Comment

और पढ़ें